मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में सोमवार रात स्कूटी सवार भाजपा नेता व कोठीवाल डेंटल कालेज के निदेशक को कार से कुचलने की कोशिश की गई है। इस घटना में बाल बाल बच गए। लोगों के जुटने पर कार चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। उन्होंने कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिय है।
सिविल लाइंस निवासी केके मिश्रा कांठ रोड स्थित कोठीवाल डेंटल कालेज एंड इंस्टीट्यूट के निदेशक व भाजपा नेता हैं। केके मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार रात करीब दस बजे नागफनी थानाक्षेत्र के स्थित दसवां घाट में रामलीला का उद्घाटन कर घर लौट रहे थे। पुलिस लाइन चौराहे के पास इनकी स्कूटी पहुंची थी। इसी दौरान सामने से सफेद रंग की एक कार आई। जिसकी लाइटें बंद थीं। आरोप है कि कार ने उनकी स्कूटी में तेजी से टक्कर मार दी। जिसमें वह स्कूटी समेत गिर गए। इस घटना के बाद मौके पर लोग जुटे तो कार चालक भाग निकला।
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार और चालक की तलाश की गई, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी सिविल लाइंस थाने पहुंच गए और कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ सिविल लाइंस इंदु सिद्घार्थ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।