मुरादाबाद। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता अशोक चौरसिया ने उद्योग बंधु की बैठक की। बैठक का मुख्य विषय स्मार्ट मीटर, स्मार्ट उपभोक्ता एवं स्मार्ट प्रदेश रहा। इस दौरान विद्युत विभाग की ओर से स्मार्ट मीटर पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता को प्रतिदिन बिजली खपत, बिल की राशि और भुगतान से जुड़ी पूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
साथ ही प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने के बाद एक माह तक पुराना मीटर नहीं हटाया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं में ज्यादा बिल आने की भ्रांति दूर हो सके। उद्योगों की बिजली आपूर्ति पर मुख्य अभियंता ने भरोसा दिलाया कि ट्रिपिंग मुक्त और लगातार सप्लाई देने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी समस्या पर उपभोक्ता सीधे संबंधित अधिशासी अभियंता से संपर्क कर सकते हैं। नए वर्टिकल सिस्टम के तहत उपभोक्ताओं को मोबाइल ग्रुप से जोड़ा गया है, जहां सप्लाई से जुड़ी पूर्व सूचना दी जाती है। उद्योगों से जुड़े विभिन्न मुद्दे जैसे मीटर वेरिफिकेशन, फीडर सुधार, लटकती लाइनों को ठीक कराने और सोलर नेट मीटरिंग की मांग भी उठाई गई। बैठक में संजय गुप्ता, आरपी सिंह, मो. इरशाद हुसैन, नीरज ढल आदि उद्यमी मौजूद रहे। ब्यूरो