मुरादाबाद। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। आईएफटीएम विश्वविद्यालय के मैदान पर पहला मैच आर्यंस क्रिकेट एकेडमी और डीएनएस क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। इसमें आर्यंस की टीम ने लक्ष्य की पीछा करते हुए जीत हासिल की। जबकि दूसरा मुकाबला रामपुर क्रिकेट क्लब और एमसीसी चंदौसी के बीच खेला गया। इसमें रामपुर की टीम ने बड़े अंतर से चंदौसी को हराया।
पहले मैच में टॉस जीतकर डीएनएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट खोकर आर्यंस को 193 रनों का लक्ष्य दिया। इसमें मोहम्मद उस्मान ने सर्वाधिक 53 रनों का योगदान दिया। आर्यंस की ओर से अजय यादव ने पांच और इंद्रजीत ने दो विकेट लिए। आर्यंस की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। मनी चौधरी ने ताबड़तोड़ 63 रनों की पारी खेली। इसके अलावा आयुष्मान ने 58 रन बनाए। आर्यंस से यह मैच छह विकेट से जीत लिया।
दूसरे मैच में रामपुर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और चंदौसी के लिए 204 रनों का लक्ष्य रखा। रामपुर की ओर से मदन ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। चंदौसी की तरफ से माधव ने पांच विकेट लिए। बल्लेबाजी में चंदौसी की टीम 69 पर ही ऑल आउट हो गई। शिवम सागर ने सर्वाधिक 22 रनों का योगदान दिया। रामपुर की ओर से मोहसिन खान ने चार विकेट लिए। अंपायरिंग सत्येंद्र सिंह, शमशाद, निश्चल और जेपी सिंह ने की। मैच के दौरान डीएसए के क्रिकेट सचिव और पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता, आईएफटीएम विवि के चांसलर राजीव कोठीवाल, अभिनव कोठीवाल, वैभव त्रिवेदी, नितिन गुप्ता, कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व यूपी खिलाड़ी अमन लिट, सार्थक गुप्ता आदि मौजूद रहे।