मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के आजाद नगर में चाय विक्रेता की हत्या करने वाले आरोपी ऑटो चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि उसने पूछताछ में कबूला है कि चाय विक्रेता ने उसके साथ गाली गलौच की थी जिससे गुस्से में उसने गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया था। मंगलवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि मझोला के ट्रांसपोर्ट नगर एमडीए कालोनी निवासी शौकत अमार कारी (32) का शव गुरुवार सुबह आजाद नगर चौराहा स्थित चाय के खोखे में मिला था। शौकत की गला रेतकर हत्या की गई थी। गुरुवार सुबह आठ बजे कुछ आटो चालक खोखे पर चाय पीने पहुंचे थे तो घटना का पता चला। शौकत के भाई रहमत ने आटो चालक गुफरान निवासी जाहिद नगर करूला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी गुफरान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि बुधवार रात नशे में वहां पहुंच गया और उसने शौकत से चाय बनाने को कहा, लेकिन उसने चाय बनाने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। उस वक्त तो रहमत ने बीच बचाव करा दिया था। रात में आरोपी दोबारा वहां पहुंचा और उसने चाकू से उसका गला रेत कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।