बिलारी। नगर बिलारी के 25 वार्डों में 67 आंगनबाड़ी केंद्र खोले की मंजूरी मिल गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन बनवाए जाने के लिए बाल विकास परियोजना की ओर से नगरपालिका परिषद बिलारी को पत्र भेजा गया है। इसके साथ ही बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी सहायिका के 67 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। अनुसूचित जाति के लिए 15 व पिछड़ी जाति के लिए 18 पद आरक्षित किए गए हैं।
सीडीपीओ सुरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि बिलारी नगर में प्रत्येक वार्ड की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए सभी 25 वार्डों में कुल जनसंख्या 48,974 को आधार मानते हुए शासन ने 67 आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाने को मंजूरी दे दी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से शासन के आदेश के पालन में विज्ञप्ति जारी कर निर्धारित पदों के सापेक्ष आंगनबाड़ी सहायिका के लिए आवेदन मांग लिए हैं। पहले चरण में आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति की जानी है, दूसरे चरण में आंगनबाड़ी वर्कर की नियुक्ति की जाएगी। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाली आवेदक महिलाओं को आगामी छह दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
सीडीपीओ ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत 67 पदों में आरक्षण व्यवस्था लागू की गई है। 15 पद अनुसूचित जाति वर्ग और 18 पद पिछड़ी जाति वर्ग की महिलाओं से भरे जाएंगे, जबकि 34 पद आरक्षित रहेंगे। बिलारी नगर में स्थायी रूप से रहने वाली और निर्धारित शैक्षिक योग्यता रखने वाली महिला ही आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए आवेदन कर सकेगी।
नया कक्ष भवन निर्माण न होने पर किराए के भवन में आंगनबाड़ी केंद्र का होगा संचालन
बिलारी। नगर बिलारी में सीडीपीओ ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को भेजे पत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए या तो परिषदीय स्कूल परिसर में बना कक्ष दिलवाने या फिर स्कूल परिसर में नया कक्ष बनवाने को कहा गया है। नया कक्ष भवन न मिलने और नया निर्माण न हो पाने की स्थिति में किसी किराए के भवन में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन शुरू करने की व्यवस्था कराने को कहा गया है।
अब बिलारी नगर में लागू हो सकेगी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
बिलारी। बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन शुरू करने के बाद अब बिलारी नगर में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना भी चालू हो सकेगी। सीडीपीओ सुरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में गर्भवती महिला को पांच हजार रुपये मिलते हैं। अब गर्भवती महिलाएं इस योजना का लाभ ले सकेंगी। सीडीपीओ के अनुसार नगर में योजना का पूरा संचालन होने पर 134 शिक्षित महिलाओं को स्थायी रोजगार भी मिल जाएगा।
22 मार्च को जारी किया गया था आदेश
बिलारी नगर में 67 आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाने के लिए प्रदेश के बाल विकास विभाग के निदेशक संदीप कौर की ओर से 22 मार्च 2025 को आदेश जारी किया गया था, जबकि प्रदेश शासन के सचिव अवनीश कुमार सिंह ने इस संबंध में 21 मार्च को शासनादेश जारी किया था। बिलारी के वर्तमान सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान का दावा है कि बिलारी नगर में 67 आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाने के लिए उन्होंने ही शासन से मंजूरी दिलाई थी। प्रदेश स्तर पर बनी महिला और बाल विकास समिति का सदस्य होने के नाते उन्होंने समिति सभापति के सामने यह मांग उठाई थी।