मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में छजलैट क्षेत्र में पशुओं का गलत तरीके से उपचार करके किसानों से धन ऐंठने झोलाछाप का मुद्दा उठा। इस पर जिलाधिकारी ने भरोसा दिया कि एसडीएम को दोषी को जेल भेजने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसान दिवस में कृषि से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं को सुना गया। पहले तो किसानों ने चीनी मिलों से समयबद्ध भुगतान दिलाने के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया, बाद में छजलैट क्षेत्र में पशुओं का गलत तरीके से उपचार करके किसानों से उपचार के नाम पर भारी रकम वसूलने वाले झोलाछाप व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई का मुद्दा उठाया। उपनिदेशक कृषि ने बताया कि गन्ने की अंतः फसली के रूप में मूंग फसल के लिए एग्री दर्शन पोर्टल पर नि:शुल्क मूंग बीज के लिए बुकिंग की अंतिम तिथि 24 फरवरी है। इसी बीच कुछ लोगों ने अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक द्वारा एक जांच दो बार किए जाने और दोनों बार पैसे लिए जाने का मुद्दा भी उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने सीएमओ को को निर्देश दिए कि इस मामले में संबंधित किसान को पैसे वापस दिलाएं।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन संगीता गौतम, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, उप निदेशक (कृषि) संतोष कुमार द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं किसान बंधु मौजूद रहे।
...........................................................