बिलारी (मुरादाबाद)। गांव नियामतपुर निवासी अमित कुमार (38) ने डेढ़ माह पहले कुत्ते के काटने पर एंटी रैबीज नहीं लगवाया, जिससे अब उसकी हालत बिगड़ गई। सोमवार की दोपहर परिजन उसे सीएचसी बिलारी लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने रैबीज आशंकित बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
क्षेत्र के गांव नियामतपुर निवासी शिशुपाल सिंह का बेटा अमित कुमार हरियाणा के एक शहर में मजदूरी करता है। लगभग डेढ़ माह पहले अमित को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया था। उसने जख्म पर मरहम पट्टी तो कराई, लेकिन एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं लगवाई थी। दो दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ने पर अमित गांव आ गया। सोमवार की सुबह परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। शुरूआती लक्षण देखकर सीएचसी के चिकित्साधिकारी ने अमित कुमार को रैबीज आशंकित पाया। उन्होंने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार अमित कुमार की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल से मेरठ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सीएचसी चिकित्साधीक्षक डाॅ. राजपाल सिंह ने बताया कि कुत्ता काटने से पीड़ितों को लापरवाही और देरी करने की बजाए तत्काल सीएचसी पर आकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवानी चाहिए। सीएचसी पर पर्याप्त मात्रा में एंटी रैबीज उपलब्ध हैं।