कुंदरकी। 15 दिन पहले मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव हुसैनपुर हमीर के सामने हुए भीषण हादसे में एक और घायल अशरफ अली (26 ) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है जबकि अभी कई गंभीर घायलों का अभी इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि इसी माह की दो जुलाई को माल वाहक टेंपो ने सवारियां से भरे ई रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी थी जिससे ई रिक्शा पलट गया था। इस भीषण हादसे में घटना स्थल पर ही कुंदरकी के मोहल्ला सादात पूर्वी निवासी मिस्त्री कदीर अहमद (52) की मौत हो गई जबकि बिलारी और कुंदरकी क्षेत्र के चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने मृतक कदीर अहमद को पोस्टमार्टम कराया था। वहीं इसी सड़क हादसे में कुंदरकी क्षेत्र के ही ग्राम पंडिया निवासी घायल अशरफ अली का भी मुरादाबाद के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था जिसकी हादसे के 15वें दिन से इलाज के दौरान मौत हो गई। अशरफ अली मुरादाबाद की एक निर्यात फर्म में काम करके ई रिक्शा से अपने घर को लौट रहा था। परिजनों ने शव को पीएम नहीं कराया है और बुधवार की दोपहर गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। अशरफ अली अपने आठ भाइयों में चौथे नंबर का था और पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। मौत होने से उसकी पत्नी और परिवार लोग गम से बेहाल हैं। रिश्तेदार ढांढस बंधाते रहे।