मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में हाईवे पर वाहनों को रोककर अवैध वसूली करने के आरोप में जेल भेजे गए टीआई धर्मेंद्र सिंह राठौर की टीम में शामिल रहे एक और सिपाही अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी निजी अस्पताल में अपना इजाज करा रहा था। सोमवार को पुलिस उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को चौदह दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। जेल से आरोपी सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
मझोला थानाक्षेत्र में मनोहरपुर गांव के पास दिल्ली लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह पिकअप वाहन से टकराकर डबल डेकर बस पलट गई थी। इस हादसे में यातायात पुलिस के सिपाही और पिकअप वाहन में सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 19 लोग हादसे में घायल हो गए थे। जांच पड़ताल में सामने आया था कि यातायात निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर और अन्य पुलिस कर्मी हाईवे पर अवैध वसूली के मकसद से पिकअप वाहन की चेकिंग कर रहे थे। इस मामले में पुलिस कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मझोला पुलिस ने टीआई धर्मेंद्र और होमगार्ड जितेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल यादव ने बताया कि आरोपी सिपाही अनिल कुमार निवासी खानपुर थाना इस्लामनगर जनपद बदायूं भी इस हादसे में घायल हो गया था। जिसका साईं अस्पताल में उपचार चल रहा था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी सिपाही अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, अदालत ने आरोपी को चौदह दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। सिपाही का अभी उपचार चल रहा है। जिस कारण उसे जेल से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की निगरानी में पुलिस बल लगाया गया है। इस मामले में सिपाही नरेंद्र शर्मा और होमगार्ड फरार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
टीआई और अन्य आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस ले रही विधिक राय
मुरादाबाद। आरोपी टीआई धर्मेंद्र राठौर और उसकी टीम में शामिल रहे पुलिस कर्मियों के खिलाफ दर्ज केस को और मजबूत करने के लिए पुलिस विधिक राय भी ले रही है। केस कमजोर न पड़ जाए। इसीलिए अभी तक बस चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बस चालक पर केस दर्ज होने से आरोपी पुलिस कर्मियों को लाभ मिल सकता है।
हाईवे पर वाहनों को रुकवा कर अवैध वसूली करने वाले टीआई धर्मेंद्र राठौर, तीन सिपाही और दो होमगार्डों के खिलाफ मझोला थाने में केस दर्ज किया गया था। इस अवैध वसूली के चक्कर में ही एक सिपाही समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में एसएसपी की ओर से आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई गई है। आगे भी केस मजबूत रहे और आरोपियों को सजा मिल सके। इसलिए पुलिस की ओर से विधिक राय भी ली जा रही है। अब तक की जांच में बस चालक की गलती सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से अभी तक बस चालक के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है। बस चालक पर कार्रवाई होने से आरोपी पुलिस कर्मियों को इसका लाभ मिल जाएगा। इसलिए बस चालक के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया है।