मुरादाबाद। कोर्ट से रिमांड पर लेकर दोबारा जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए चौथे सोना तस्कर मुत्तलीब के पेट से मंगलवार को एक और सोने का कैप्सूल निकाला गया। अब तक तस्करों के पेट से 28 कैप्सूल निकाले जा चुके हैं, जिनका वजन एक किलो से अधिक है। मुत्तलीब के पेट में अभी एक कैप्सूल और बाकी है। वहीं सोना तस्करी गिरोह के फाइनेंसर रामपुर के टांडा निवासी जाहिद मेंबर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जाहिद ने ही चारों तस्करों को 30-30 हजार रुपये देकर दुबई से सोना लाने के लिए भेजा था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि रामपुर के टांडा निवासी मो. नावेद और जाहिद 23 मई को सऊदी अरब से लौटे थे। दोनों को लेने के लिए टांडा निवासी कार चालक जुल्फेकार दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा था। चालक दोनों को लेकर घर लौट रहा था कि तभी उसके मालिक ने फोन कर कहा कि चार लोग मुंबई के रास्ते दुबई से आ रहे हैं, उन्हें भी कार में बैठा लेना।
मो. नावेद और जाहिद हुसैन ने विरोध किया तो चालक ने उन्हें दूसरी कार से जाने के लिए कहा। मजबूर होकर उन्होंने टांडा निवासी शाने आलम, मुत्तलीब, अजहरुद्दीन और जुल्फेकार अली को बैठा लिया। शुक्रवार दोपहर दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास बदमाशों ने कार चालक व विदेश से लाैटे सभी छह लोगों का अपहरण कर लिया था। सऊदी से लाैटे दोनों लोगों को तब पता चला कि दुबई से आए लोग सोना तस्कर हैं।
मुठभेड़ के बाद बदमाशों के चंगुल से छुड़ाकर पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम ने दुबई से लाैटे चारों तस्करों के पेट से सोमवार तक सोने के 27 कैप्सूल निकाल लिए थे। इसके बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। तीन तस्करों को जेल भेज दिया गया और चाैथे तस्कर मुत्तलीब के पेट में दो कैप्सूल बाकी होने के कारण पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर दोबारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी सिटी ने बताया कि मंगलवार को उसके पेट से एक और कैप्सूल निकाला गया। अभी उसके पेट में एक कैप्सूल बाकी है। वहीं सोना तस्करी गिरोह के फाइनेंसर जाहिद मेंबर को गिरफ्तार किया गया है। जाहिद रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र के हाजीपुरा का रहने वाला है। वह प्राॅपर्टी डीलिंग का काम करता है और टांडा से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। उसके कब्जे फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है। चारों तस्करों को जाहिद ने ही दुबई भेजा था। एसपी ने बताया कि अन्य फाइनेंसरों और गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।