बच्ची की मौत होने पर डिप्टी सीएमओ ने बुधवार की शाम आशियाना फेस 1- ढाप वाला मंदिर के नजदीक स्थित एंजिल नर्सिग होम को सील कर दिया। इस मामले में मंडलायुक्त ने नर्सिंग होम के डॉक्टर और संबंधित नोडल अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
हरथला मंगल का बाजार, कांठ रोड निवासी शीतल सिंह पत्नी रोहित विश्नोई ने मंडलायु्क्त आंजनेय कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी बेटी आराध्या विश्नोई उर्फ गुनगुन आयु (11) की तबीयत खराब होने पर उसे 26 नवंबर को एंजिल नर्सिंग होम, अपोजिट ढाप वाला मंदिर, आशियाना, फेज-1 में भर्ती कराया था। 27 नवंबर को डॉक्टर के कहने पर बेटी को घर लेकर गई। घर आने पर उसने डॉक्टर नितिश गर्ग को दिखाया। कॉसमॉस हॉस्पिटल लेकर जाने पर पता चला कि उसकी हालत नाजुक है। अगले दिन उसने बेटी को गाजियाबाद स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। 29 नवंबर को बेटी की मौत हो गई। मंडलायुक्त ने इस मामले में सीएमओ को नर्सिंग होम सील करने और केस दर्ज करने के निर्देश दिए। इस मामले में डिप्टी सीएमओ डॉ, नरेंद्र कुमार ने सिविल लाइंस थाने से पुलिस फोर्स लेकर नर्सिंग होम को सील कर दिया लेकिन देर रात तक सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज नहीं किया गया था। इसकी पुष्टि थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने की है। इधर मंडलायुक्त का कहना था कि केस अवश्य दर्ज किया जाएगा।