चार दिन पहले अमरोहा-जोया ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन के किनारे मिले अमन खान की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। उसकी नाबालिग प्रेमिका ने अपनी ही परिजनों पर प्रेमी अमन की हत्या कर शव ओवरब्रिज से फेंकने का आरोप लगाया है।
उसने खुद को घटना का चश्मदीद होना बताकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रेमिका को लेने के लिए रवाना हो गई है। 28 मई की सुबह देहात थाना क्षेत्र में अमरोहा-जोया ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन के किनारे एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने उसकी शिनाख्त जनपद लखीमपुर खीरी के औरंगाबाद निवासी अमन खान के रूप में की थी।
अमन खान के परिवार के लोग नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव बीलना में किराए के मकान में रहते हैं तथा यहीं पर जैकेट कारखाने में काम करते हैं। अमन भी पहले यहीं पर काम करता था लेकिन बाद में काम की तलाश में दिल्ली चला गया था। पुलिस का कहना था कि ओवरब्रिज से गिरने के कारण अमन की मौत हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लखीमपुर खीरी ले गए थे। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने शनिवार को थाने में नाबालिग बेटी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को उनकी बेटी की एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुई है।
जिसमें बेटी ने खुद को लखीमपुर खीरी में अमन के घर होना बताया है। अमन के परिजन भी उसके साथ हैं। बेटी का कहना है कि वह अमन से प्रेम करती थी तथा 27 मई की शाम अमन दिल्ली से नौगांवा सादात उसे लेने आया था। दोनों 27 मई की देर रात अमरोहा रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए थे।
ट्रेन लेट होने के कारण वहां से जोया जाने के लिए ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे थे। बेटी ने बताया कि वहां उसकी मां के साथ तीन लोग और थे। जिन्हें देख कर वह तो छुप गई थी, लेकिन वह अमन को पकड़ कर पिटाई करते हुए ओवरब्रिज पर ले गए थे।
वहां अमन के चेहरे पर ईंट से वार कर घायल कर दिया था तथा बाद में ओवरब्रिज से नीचे फेंक दिया था। वीडियो में उसने बताया कि घबराहट के चलते वह एक ट्रेन में बैठ कर बरेली पहुंची थी। वहां से दूसरी ट्रेन पकड़ कर हरिद्वार तथा फिर कलियर पहुंच गई थी।
उसके बाद तीन दिन तक वह लगातार ट्रेन में सफर करती रही। चूंकि उसे अमन के लखीमपुर खीरी के घर के बारे में पता था। शुक्रवार शाम वह अमन के घर औरंगाबाद पहुंची और पूरी घटना के बारे में बताया। बेटी का कहना है कि वह घर नहीं जाएगी, उसकी जान को खतरा है।
उसने कहा कि मेरे घरवालों ने अमन की हत्या की है तथा वह इसकी चश्मदीद है। उसने आरोपी परिजनों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है। एएसपी राजीव सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस टीम को प्रेमिका को लेने लखीमपुरी खीरी रवाना कर दिया गया है।