रामपुर की जेल में समाजवादी पार्टी की चुनावी रणनीति तय हुई। सूबे की 403 सीटों पर गठबंधन के साथ बंटवारे और प्रत्याशियों के नामों पर मंथन हुआ। जेल में लगभग एक घंटे हुई अखिलेश यादव और आजम खां की गुफ्तगू हुई। रामपुर की शहर विधानसभा सीट पर सपा के संभावित प्रत्याशी को लेकर पत्रकारों के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, क्यों बताऊं... लिस्ट जारी होगी तो पढ़ लेना।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां की मुलाकात भले एक साल बाद हुई लेकिन एक घंटे की इस बातचीत में विधानसभा चुनाव के लिए यूपी में सपा की चुनावी रणनीति का खाका तैयार हो गया। इस मुलाकात में गठबंधन के सहयोगी राजनीतिक दलों के साथ सपा के सीट बंटवारे और प्रत्याशियों के नामों पर दोनों दिग्गजों ने मंथन किया।
विज्ञापन
इससे पहले अखिलेश यादव आठ अक्तूबर 2025 को आजम खां से रामपुर स्थित उनके आवास पर मिले थे। उस समय आजम खां जेल से बाहर थे। बृहस्पतिवार को उनके रामपुर आने और जेल में आजम खां से मुलाकात का कार्यक्रम जारी होते ही इस दौरे के राजनीतिक मायनों पर कसाय लगने लगे थे। जैसा अनुमान था, वैसा हुआ भी। जेल में आजम खां से मिलकर अखिलेश ने उनकी सेहत का हाल जानने के साथ-साथ सियासी मसलों पर लगभग एक घंटे चर्चा की।
Trending Videos
पार्टी सूत्र बताते हैं कि इस दौरान पश्चिमी यूपी की सीटों के साथ-साथ प्रदेशभर में विधानसभा चुनाव के लिए सपा के संभावित चेहरों पर बातचीत हुई। इसके साथ ही गठबंधन के सहयोगी दलों और उनके साथ सीटों के तालमेल का बिंदु भी चर्चा के केंद्र में रहा।
इसमें तालमेल वाले दलों के लिए सीटों की संभावित संख्या और उन पर मैदान में उतारे जाने वाले संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी बातचीत हुई। इसके अलावा चुनाव के लिए सपा की सांगठनिक तैयारी और भाजपा को घेरने वाले मुद्दे भी सपा के दोनों दिग्गजों के मंथन का हिस्सा रहे।
हालांकि जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने इतना ही कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर बंटवारे और प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई है।
कौन सी सीटें सहयोगियों के लिए और किस स्थान से कौन उम्मीदवार जैसे सवालों को अखिलेश यादव ने मुस्कुरा कर या संक्षिप्त जवाब से टाल दिया लेकिन सियासी जानकार मान रहे हैं कि जेल की इस मुलाकात में यूपी के विधानसभा चुनाव के लिए सपाई रणनीति का खाका तैयार हो गया है।
... क्यों बताऊं, लिस्ट पढ़ लेना
रामपुर की शहर विधानसभा सीट पर सपा के संभावित प्रत्याशी को लेकर पत्रकारों के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, क्यों बताऊं... लिस्ट जारी होगी तो पढ़ लेना। मुकदमों में घिरने से पहले आमतौर पर इस सीट से आजम खां ही सपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े हैं।
इस सीट पर उन्होंने 10 बार जीत हासिल की है। आजम खां के जेल जाने पर एक बार उनकी पत्नी तजीन फात्मा भी रामपुर नगर सीट से विधायक निर्वाचित हुई थीं। वर्तमान में इस सीट से भाजपा के आकाश सक्सेना विधायक हैं। आजम खां और उनके परिजनों पर दर्ज तमाम मुकदमों में आकाश सक्सेना वादी की भूमिका में रहे हैं।
बोले, आजम ने नहीं मांगी कोई सीट, सिर्फ सुझाव दिए
जेल में मुलाकात की चर्चा से जुड़े मीडिया के सवालों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां ने उनसे कोई सीट नहीं मांगी, बल्कि कुछ सुझाव दिए हैं, जिन्हें स्वीकार कर लिया गया है। एक सवाल के जवाब में कहा कि आजम खां स्वस्थ हैं और वह उनके जल्द और स्वस्थ होने की कामना करते हैं। साथ ही उम्मीद जताई कि उन्हें जल्द न्याय मिलेगा।