मुरादाबाद। रामपुर से बारह मार्च को निकलने वाली साइकिल रैली से पहले अखिलेश यादव मुरादाबाद में कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। वह शुक्रवार को प्रस्तावित अधिवेशन में भाग लेेंगे। यहीं से वह रामपुर रवाना होंगे। इस साइकिल रैली को सफल बनाने में सपाई जुट गए हैं। मंगलवार शाम प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम मुरादाबाद पहुंच गए। वहीं बुधवार को नेता विरोधी दल राम गोविंद चौधरी मुरादाबाद आएंगे। वह तीन दिन यहीं रहेंगे। दो दिनों में कई और नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बारह मार्च को रामपुर से साइकिल रैली शुरू करेंगे। साइकिल रैली रामपुर से लखनऊ तक जाएगी। इसके जरिए अखिलेश कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। सपाई इस रैली की तैयारी में जुट गए हैं। पार्टी रैली को सफल बनाने में कोई कोरकसर नहीं छोड़ना चाहती है। यही वजह है कि रैली से तीन पहले मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष मुरादाबाद पहुंच गए। बुधवार को सपा नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी भी मुरादाबाद पहुंच जाएंगे। शासन से उनका मुरादाबाद का कार्यक्रम जारी हो गया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक रामगोविंद चौधरी तीन दिन मुरादाबाद में रहेंगे। बारह मार्च को रामपुर रवाना होंगे। बारह मार्च को ही साइकिल रैली से पहले राही होटल में प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर अधिवेशन होगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल होंगे। आने वाले दो दिनों में सपा के विधायक और एमएलसी मुरादाबाद में पहुंचेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष का फूलमालाओं से स्वागत
मुरादाबाद। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के दलपतपुर तिराहे पर पहुंचने पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई बढ़ती जा रही है। किसान ही देश की रीढ़ है, अगर वही कमजोर हो जाएगी तो देश कमजोर हो जाएगा। सपा पहले भी किसानों के साथ थी और आज भी किसानों के साथ खड़ी है। भाजपा केवल पूंजीपतियों की पार्टी होकर रह गई है।