रामपुर में विधानसभा उप चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ़. ताजीन फातिमा की जनसभा में पति आजम खां ने होमगार्डों की छंटनी को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 25 हजार होमगार्ड्स की छंटनी कर दी गई। सरकार के पास उन्हें देने के लिए तनख्वाह तक नहीं है। अभी और 15 हजार होमगार्डों को निकालने की तैयारी की जा रही है। लोगों को रोजगार देने की बजाय सरकार मासूमों के मुंह से सूखी हुई रोटी के टुकड़े भी छीन रही है।
आजम ने कहा आज फ्लैग मार्च कर अफसर लोगों का डरा रहे हैं। इलेक्शन कमीशन को देखना चाहिए। वोट का अधिकार सभी को है। इन दिनों देश का बुरा हाल है। आपराधिक ग्राफ लगातार बढ रहा है। सरकारी दफ्तरों का बुरा हाल है। वहां घूसखोरी बढ गई है। देश आर्थिक मंदी से जूझ रहा है। दुकानों में सामान तो है सामान खरीदने वाले ग्राहक नहीं है। बैंक खाली हो गए हैं, देश बर्बाद होने की कगार पर है।
आजम खान ने कटाक्ष करते हुए कहा कि हाल ही में नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्रीअभिजीत बनर्जी ने आर्थिक मंदी को लेकर नीतियों पर सवाल खड़े किए हैं। जौहर विवि को लेकर भी आजम खां के दिल का दर्द जुबां पर आ गया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान शिक्षा का मंदिर कहा जाता है। इन शिक्षा के मंदिरों को बर्बाद मत करो।
यूनिवर्सिटी बनाकर आखिर मैंने क्या गलती कर दी। मैंने दामन फैलाकर लोगों से पैसा लिया और यूनिवर्सिटी बनाई है। फिर भी मुझे चोर और डाकू कहा जा रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि एक शख्स से नफरत करते हुए यह भी भूल गए कि वह उत्तर प्रदेश की गद्दी पर बैठे हैं। महंत एक दिन ये दुनिया आपसे गेरूआ कपड़ों को लेकर सवाल करेगी। इसकी पवित्रता को बदनाम मत करो, गोरखनाथ की पीठ को बदनाम मत करो।