फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एआईएमआईएम महानगर अध्यक्ष के घर छापा, रिपोर्ट दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। वसीम रिजवी उर्फ जितेेंद्र नारायण त्यागी को जूता मारने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा करने वाले एआईएमआईएम महानगर अध्यक्ष वकी रशीद के मोहल्ला गलशहीद लाजपत नगर स्थित आवास पर पुलिस टीम ने बुधवार देर रात करीब 1.30 बजे छापा मारा। आरोपी के घर पर नहीं मिलने पर पुलिस टीम लौट गई। बृहस्पतिवार को कटघर थाना प्रभारी की ओर से वकी रशीद के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भड़काने समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, आरोपी वकी रशीद ने पुलिस की कार्रवाई पर एतराज जताया है।
विज्ञापन

ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के महानगर अध्यक्ष वकी रशीद ने 11 दिसंबर को जारी एक बयान में वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी के धर्म परिवर्तन करने पर एतराज जताया था। उनका कहना था कि वसीम रिजवी के कारण एक वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं है। खफा वकी रशीद ने वसीम रिजवी को जूता मारने वाले को 11 लाख रुपये देने का एलान भी किया था। इसके अलावा वसीम रिजवी के पाकिस्तानी एजेंट होने की भी आशंका जताई थी। उनके इस बयान का वीडियो वायरल होने से खलबली मच गई थी।
वीडियो वायरल होने के अगले दिन कांग्रेस कमेटी जिला सचिव अरविंद सिंह चौहान ने मझोला थाने में तहरीर देकर वकी रशीद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की थी। राष्ट्रीय योगी सेना ने भी वकी रशीद के बयान की निंदा की थी। इस संगठन के युवा महानगर अध्यक्ष मोहित कुमार ने एआईएमआईएम महानगर अध्यक्ष वकी रशीद के खातों की जांच कराने की मांग की थी।
विज्ञापन

सूत्र बताते हैं कि बुधवार को शासन से इस मामले में जिले के पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई का ब्योरा तलब किया गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। बुधवार रात करीब 1.30 बजे सीओ कटघर आशुतोष तिवारी की अगुवाई में थाना प्रभारी गलशहीद मोहित कुमार, थाना प्रभारी कटघर आरपी शर्मा महिला पुलिस के साथ वकी रशीद के थाना कटघर के मोहल्ला गलशहीद लाजपत नगर स्थित उनके आवास पर छापा मारा। हालांकि वकी रशीद के घर पर नहीं मिले। घर पर उनकी पत्नी रुकइया रशीद और बुजुर्ग मां सीमा रशीद घर पर थीं। परिवार वालों ने बताया कि वह दिल्ली पार्टी की एक बैठक में शरीक होने गए हैं। वकी रशीद के घर पर मौजूद न मिलने पर पुलिस टीम लौट आई। बृहस्पतिवार को थाना कटघर के प्रभारी आरपी सिंह की ओर से आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने समेत विभिन्न धाराओं में कटघर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दबाव में काम कर रही पुलिस
मुरादाबाद। एआईएमआईएम के महानगर अध्यक्ष वकी रशीद ने पुलिस कार्रवाई को असंवैधानिक करार देते हुए दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस बुधवार आधी रात उनके घर में बिना किसी एफआईआर, सर्च वारंट के घुस गई, जिससे उनकी बीमार मां व पत्नी के साथ बच्चे सहम गए। आरोप लगाया कि पुलिस ने परिवार वालों को डराया और घर की कुर्की करने की भी बात कही। वकी रशीद ने कहा कि धार्मिक भावनाएं भड़काने का काम वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी कर रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। वकी रशीद ने कहा कि इस्लाम धर्म व उसके धर्म ग्रंथ के बारे में तमाम आपत्तिजनक व हिंदू-मुस्लिम एकता को खंडित करने वाला बयान वसीम रिजवी देते रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पूछताछ के लिए गई थी पुलिस, अब दर्ज हो गया मुकदमा
बुधवार रात पुलिस बल के साथ वह स्वयं वकी रशीद के घर गए थे। उनके द्वारा वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी के खिलाफ दिए गए बयान का एक वीडियो वायरल हो रहा था। उसी के संबंध में पुलिस उनसे पूछताछ करने और उन्हें समझाने के उद्देश्य से गई थी। वह घर पर नहीं मिले। लिहाजा उनके खिलाफ थाना प्रभारी कटघर की ओर से मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन

आशुतोष तिवारी, सीओ कटघर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें