ओटीटी प्लैटफॉर्म पर आई निर्देशक अली अब्बास जफर की नई वेब सीरीज तांडव को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मुरादाबाद के सीजेएम की अदालत में वेब सीरीज के निर्देश और किरदारों के खिलाफ परिवाद दायर किया गया है।
वेब सीरीज तांडव के रिलीज होते ही बवाल खड़ा हो गया है। देश भर में इसका विरोध किया जा रहा है। जगह-जगह इसके निर्माता-निर्देशक और कलाकारों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं।
इसी कड़ी में अब मुरादाबाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में बुधवार को तांडव वेब सीरीज के निदेशक अली अब्बास, मुख्य किरदार निभा रहे अभिनेता सैफ अली खान और जीशान अयूब के खिलाफ परिवाद दायर कराया गया है। अधिवक्ता की ओर से आरोप लगाया कि तांडव वेब सीरीज का निर्माण कर प्रतिवादी गण ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
इसमें हिंदू देवी-देवाओं के बारे में अशोभनीय टिप्पणी की है। इससे हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। जिससे देश भर में विद्रोह हो गया है। अदालत ने इस मामले में सुनवाई के लिए अगली तारीख दो फरवरी तय की है।