मुरादाबाद के एक युवक की सूझबूझ से सोमवार सुबह बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। रेलवे ट्रैक के किनारे टहल रहे युवक ने रेल पटरी टूटी देखी तो उसने इसकी जानाकरी गेटमैन को देकर ट्रेनों का संचालन रुकवा दिया, वरना चंद मिनट बाद ही यहां से मालगाड़ी और एक्सप्रेस ट्रेन गुजरने वाली थी।
रेल पटरी चटकी होने की जानकारी से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। ट्रैक की मरम्मत के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया गया।
मामला लोधीपुर और मुरादाबाद के बीच स्थित गेट संख्या 1 सी के पास डाउन लाइन है। सोमवार सुबह ट्रैक के किनारे एक युवक टहल रहा था। उसने देखा कि डाउन लाइन की पटरी चटकी हुई है।
आस पास देखा तो कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। इसके बाद वह रेलवे क्रासिंग संख्या 1सी पर पहुंचा। उसने यहां गेटमैन को बताया कि रेल पटरी टूटी हुई है। यहां से ट्रेन गुजरना खतरनाक हो सकता है। इसके बाद गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी देकर ट्रेनों का संचालन बंद करवा दिया।
सूचना मिलने पर इंजीनियर शाखा की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत की। ट्रैक ठीक करने के बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दी गई। इसके बाद सबसे पहले बीच में रुकी मालगाड़ी को रवाना किया गया।