डेयरी की आड़ में अवैध रूप से स्लाटर हाउस चलाकर पशु कटान करने के खेल में सोमवार को एसओ गलशहीद दिनेश शर्मा सहित 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में 14 गलशहीद थाने के हैं जबकि सस्पेंड किया गया एक सिपाही संभल में कार्यरत है। एसएसपी का कहना है कि पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई अपने दायित्वों का निर्वहन न करने पर की गई है।
मामला पिछले माह का है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि 23 अक्तूबर को पुलिस की असालतपुरा में अवैध स्लाटर हाउस में पशुओं के कटान की सूचना मिली थी। इस मामले में एएसपी आदित्य लांग्हे, एएसपी दीपक कुमार को पुलिस की टीम के साथ छापेमारी के निर्देश दिए गए।
मौके पर डेयरी की आड़ में स्लाटर हाउस चलाए जाने का खेल उजागर हुआ। पता चला कि पुलिसकर्मियों की मिलीभग से सारा खेल चल रहा था। मौके से 117 जिंदा पशु, 35 पशुओं की खाल, 85 कुंतल मांस, 10.33 लाख रुपये, 20 कुल्हाड़ी, 10 पिकअप वाहन और पशु वध के उपकरण बरामद हुए थे। 47 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की मिलीभगत की जांच एसपी यातायात सतीश चंद्र को सौंपी गई। एसपी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को एसएसपी अमित पाठक ने एसओ गलशहीद दिनेश शर्मा, एसआई सुनील कुमार, एसआई प्रमोद कुमार शर्मा, एसआई सोनू कुमार, एसआई अजीत कुमार, मुख्य आरक्षी विकास कुमार यादव, आरक्षी नौशाद खान, आरक्षी मोहम्मद अनवर, आरक्षी कपिल कुमार, आरक्षी सोमपाल, आरक्षी मनीत प्रताप, आरक्षी अंकित चौहान, आरक्षी चालक सचिन कुमार, आरक्षी दुष्यंत सिंह को निलंबित कर इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा पूर्व में गलशहीद और वर्तमान में संभल में तैनात आरक्षी सत्यवीर सिंह की संलिप्तता पाई गई है। उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए एसएसपी ने एसपी संभल यमुना प्रसाद को पत्र भेजा गया। एसपी संभल ने देर रात सत्यवीर सिंह को भी निलंबित कर दिया है।