मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के गांव चौधरपुर में शुक्रवार की शाम निकाह से पहले दुल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। वर पक्ष ने आरोप लगाया कि लड़की के पक्ष के लोगों ने बरातियों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव सिरोहा बाजे निवासी युवक का निकाह मझोला के चौधरपुर निवासी युवती से तय हुआ था। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार की शाम करीब चार बजे दूल्हा करीब 200 बरातियों को लेकर चौधरपुर पहुंच गया। आरोप है कि बारात पहुंचते ही दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
लड़की पक्ष का कहना था कि चार दिन पहले ही लड़के वालों से जेवर और लहंगा भेजने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं किया। वर पक्ष का कहना था कि उनके यहां ऐसा कोई रिवाज नहीं है। बरात पहुंचते ही इस मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। कुछ बरातियों को चोटें भी आईं। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस कार्रवाई करेगी। ब्यूरो