मैनाठेर(मुरादाबाद)। थानाक्षेत्र के ताहरपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर नमाज पढ़ने के बाद घर लौट रहे दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। इस घटना में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। ताहरपुर गांव निवासी सऊद और भूरे हुसैन के परिवार के बच्चों में करीब दो माह पहले विवाद हो गया था। बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों परिवार भिड़ गए थे और मारपीट हुई थी यह मामला थाने तक पहुंचा था लेकिन दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया इसके बावजूद दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। शुक्रवार की दोपहर दोनों पक्षों के लोग गांव में मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ने गए थे। दोपहर करीब दो बजे दोनों पक्षों के लोग घर लौट रहे थे। मस्जिद से कुछ दूरी पर चलने के बाद बाजार में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कमेंट्सबाजी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों में और लोग शामिल हो गए और एक दूसरे पर लाठी डंडे व ईंट पत्थर से हमला शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने इस घटना का मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। इस घटना में दोनों पक्षों से महिला नौ लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मैनाठेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और इसके बाद सभी घायलों काे मेडिकल और उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। सीएचसी से छह घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एक पक्ष से घायल सऊद का आरोप है कि दूसरे पक्ष के दऊद पर उसके पिकअप गाड़ी रुपये निकल रहे हैं लेकिन उसने न तो गाड़ी वापस दी और न ही रुपये दिए हैं। उसने अपने रुपये मांगे तो मारपीट की जबकि दूसरे पक्ष के भूरे हुसैन का कहना है कि करीब दो माह पहले बच्चों में कहासुनी हो गई थी इसके बाद मामला कोतवाली पहुंचा और समझौता हो गया था इसी रंजिश को मानते हुए शुक्रवार को मारपीट की है पिकअप गाड़ी के पैसों का कोई मामला नहीं है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। जिसके आधार पर दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया जा रहा है।