ठाकुरद्वारा। एक गांव निवासी महिला को उसके पति ने दहेज की मांग पूरी न करने पर तीन तलाक दे दिया। इसकी रिपोर्ट महिला ने पति सहित चार के खिलाफ पुलिस में दर्ज कराई थी। महिला का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी उस पर दर्ज मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव डालने लगे। उसके मना करने पर वह उससे रंजिश रखने लगे। महिला का कहना है कि सात जुलाई 2025 को दोपहर 1:00 बजे गांव से कोई वाहन न मिलने पर वह पैदल ठाकुरद्वारा जा रही थी। तभी रास्ते में गांव से कुछ दूर स्थित एक बाग के पास पहले से उसका पूर्व पति सहित गांव के चार लोग खड़े हुए थे। उसके पति ने उसका हाथ पकड़ लिया। उसके सीने पर तमंचा रख दिया और गोली मारने की धमकी देकर उसे खींचकर बाग के अंदर ले गया। महिला का आरोप है कि अश्लील हरकतें की। फिर तीन लोगों ने से उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला के अनुसार उसके पति ने कहा कि उसने उसका हलाला कराया है ताकि वह उससे निकाह करे तो उसे कोई परेशानी न हो। महिला का आरोप है कि दुष्कर्म के दौरान उसके पूर्व पति ने उसके सोने के कुंडल भी खींच लिए और सामान का थैला भी छीन लिया। महिला का कहना है कि जब उसने इसकी शिकायत करने के लिए पुलिस के पास जाने की कोशिश की तो दो अज्ञात लोगों ने हथियारों के बल पर उसे रोक दिया। 112 डायल पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो फोन नहीं मिला इस पर वह अपने घर वापस लौट गई। बाद में उसने इसके शिकायत अपने पिता के साथ मुरादाबाद पहुंचकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से की। उसकी शिकायत की जांच चलती रही। पुलिस ने अब उसके पूर्व पति सहित आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।