दिवाली के बाद अपने शहर से हवाई जहाज में सफर करने का सपना साकार हो सकता है। लाइसेंस को लेकर डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन व एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के बीच लगातार बातचीत हो रही है। डीजीसीए ने जल्द लाइसेंस जारी करने के संकेत दिए हैं। इसे लेकर एएआई भी तैयारियों में जुट गया है।
मुरादाबाद हवाई अड्डे से भविष्य में 180 सीटर विमान भी उड़ सकते हैं लेकिन इसके लिए कई तरह की अनुमति लेनी होगी। आसपास के इलाके में भी कई निर्माण व टावर हटवाने पड़ेंगे। फिलहाल लखनऊ व कानपुर के लिए ट्रायल सफल रहा तो बंगलुरू व मुंबई के लिए भी उड़ान शुरू हो सकती है।
जिस तरह यात्रियों की संख्या व मांग बढ़ेगी, उसी तरह फ्लाइट की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। हवाई अड्डे का प्रबंधन एएआई के हाथ में ही रहेगा। जबकि अन्य सुविधाएं निजी कंपनी की ओर से दी जाएंगी।
हवाई अड्डे के लाइसेंस की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही शहरवासियों को शुभ संदेश मिल सकता है। जैसे ही इस विषय में अपडेट आएगा। लोगों के साथ साझा करेंगे। - गुलाबचंद, एडीएम प्रशासन (हवाई अड्डे के नोडल अधिकारी)