मुरादाबाद। जिला अस्पताल में शनिवार को लचर व्यवस्थाओं से मरीज परेशान रहे। पंखे-कूलर न चलने से मरीजों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं तो कई को इलाज के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इमरजेंसी में पड़े एक बेड का पहिया अचानक टूट गया। कर्मचारियों ने बेड बदलने के बजाय ईंट लगाकर जुगाड़ की व्यवस्था कर दी।
इसी बेड पर मरीज भी भर्ती कर दिया। शनिवार को ओपीडी का समय सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक था। इस दौरान अस्पताल में 1250 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। आईपीडी में 102 मरीजों को भर्ती किया गया। फीवर वार्ड में कूलर न चलने की वजह से गर्मी लगने की परेशानी बताई। तीमारदार रेनू ने बताया कि कूलर सुबह ही बंद कर दिया था। हिमांशु ने बताया कि गर्मी हो रही है, लेकिन कूलर बंद कर दिया है। गर्मी में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
व्हीलचेयर पर बैठकर करते रहे उपचार का इंतजार
ईशापुर निवासी मुस्लिम ओपीडी में दिखाने के लिए आए थे। उनके साथ आईं तीमारदार ने बताया कि पहले उपचार के लिए कुंदरकी ब्लॉक पर लेकर गए थे। वहां से चिकित्सकों ने पर्चा लिखकर जिला अस्पताल भेज दिया। यहां लेकर आए तो कहा कि कमरा नंबर दस में दिखाएं। इनको खड़े होने और चलने में परेशानी है, इसलिए हम खुद ही व्हीलचेयर पर बैठाकर लाए हैं। उपचार के लिए करीब आधा घंटा से इंतजार कर रहे हैं लेकिन नंबर नहीं आया।
खुद ही स्ट्रेचर खींचकर लाए बुजुर्ग
राना नंगला छजलैट निवासी बुजुर्ग भूरी देवी ओपीडी के बाहर धूप में स्ट्रेचर पर लेटी हुई थीं। पूछने पर उनके साथ आए तीमारदार ने बताया कि शुक्रवार रात से सांस लेने में परेशानी हो रही है। इनको काला पीलिया और पथरी की भी समस्या है। लीवर काम नहीं कर रहा है। उपचार करवाने के लिए इमरजेंसी में लेकर गए थे, वहां से ओपीडी के लिए भेज दिया है। स्ट्रेचर लेकर कोई वार्ड बॉय नहीं आया, बल्कि हम खुद ही लेकर आए हैं।
बेड का पहिया टूट गया था तो बैलेंस करने के लिए ईंट लगाई गई होगी। दूसरा बेड डलवा दिया जाएगा। काला पीलिया की दवा लैब में मिलती है, इसलिए वहां भेजा होगा। सभी वार्ड में कूलर है। उनमें बराबर पानी भरा जाता है। यदि कूलर 24 घंटे चलेंगे तो खराब हो जाएंगे। इसलिए कुछ समय के लिए बंद किया जाता है। कई बार मरीज स्वयं बंद कर देते हैं।
- डॉ. राजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधिकारी जिला अस्पताल