मुगलपुरा के मोहल्ला बरवलान में एक पेंटर के ऊपर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। घटना में झुलसे पेंटर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की बाबत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
पुलिस का कहना है कि जिसके ऊपर हमला बताया जा रहा है वह खुद भी दो दिन पहले दर्ज हुए एक मुकदमे में वांछित है। मुगलपुरा के मोहल्ला बरवलान निवासी फैसल पुत्र शौकत हुसैन पेशे से पेंटर है। उसके भाई बैट्री में एसिड डालने का काम करते हैं। फैसल का आरोप है कि गुरुवार को देर रात मकबरा निवासी सरताज उसके भाई शहनवाज और शब्बू ने उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया।
फैसल ने पुलिस में शिकायत की जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। इंस्पेक्टर मुगलपुरा ने बताया कि फैसल की तहरीर पर सरताज, शहनवाज और शब्बू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि मामला संदिग्ध है। इंस्पेक्टर का कहना है कि फैसल के घर में ही बैट्री में एसिड डालने का काम भी होता है, उस एंगल से भी पड़ताल की जा रही है। दो दिन पहले दूसरे पक्ष ने फैसल के खिलाफ मुगलपुरा थाने में मारपीट और हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।