मुरादाबाद। युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी के आदेश पर बुधवार को आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और उसके दोस्तों के खिलाफ छेड़खानी व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
सिविल लाइंस क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय में एक प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें उसने बताया कि वह निजी अस्पताल में नौकरी करती है। युवती का आरोप है कि चक्कर की मिलक निवासी शाहरुख और तौहिद निवासी ने उसके साथ फोन पर अश्लील बातें की थीं। जब युवती ने आरोपियों का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया तो उनका साथी आमिर निवासी चक्कर की मिलक ने फोन पर बातचीत शुरू कर दी थी। आरोप है कि आमिर अस्पताल तक पहुंच गया था। एक दिन आरोपी युवक युवती के लिए खाना लेकर पहुंचा था। यहां आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। अक्तूबर 2020 में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया था। आरोप है कि 17 नवंबर को आरोपी आमिर, रईस और आरिफ रास्ते में मिल गए थे। उन्होंने युवती के साथ मारपीट की की और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। थाना प्रभारी दर्वेश कुमार ने बताया कि युवती की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी आमिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।