कांठ। प्लॉट का सौदा कर छह लाख रुपये की रकम ऐंठने और प्लॉट का इकरारनामा दूसरे के नाम करने के आरोप में एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने महिला सहित तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
गांव आवी हफीजपुर निवासी नरेंद्र कुमार ने एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में कहा है कि उसने गांव पैगम्बरपुर सुखवासीलाल के संत कुमार, गजराम उर्फ सचिन और सोना देवी से 130 वर्ग मीटर प्लॉट का सौदा किया था। इन्होंने प्लॉट साफ-सुधरा बताया था। इसके बाद उसने इनके खाते में छह लाख रुपये डलवा दिए थे। तहसील आकर प्लॉट का बैनामा करने के लिए स्टांप भी ले लिया। आरोप है कि जब वह और गवाह रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे तो पता लगा कि आरोपियों ने संबंधित प्लाॅट का पहले से ही किसी और को इकरारनामा किया हुआ है। साथ ही जानकारी मिली कि इससे पहले इस प्लांट का दान-पत्र भी किया हुआ है। इसके बाद से यह समझौता करने की बात कहकर उसे उलझाए रखे। अब जमीन देने को मना करते हुए उसे तरह-तरह की धमकियां दी जा रही हैं। थाना पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर इस मामले में महिला समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्जकर विवेचना शुरू कर दी है।