मुरादाबाद। मुरादाबाद के मोहल्ला लाइनपार क्षेत्र के दो युवकों समेत अन्य लोगों से सेवाकेंद्र खोलने के नाम पर 20 हजार ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित युवकों ने जालसाजी और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
रविवार शाम मोहल्ला लाइनपार निवासी दिनेश कुमार और रिंकेश कोतवाली पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया कि कोतवाली के मुंडिया राजा गांव निवासी एक युवक ने शिक्षा समिति के नाम से एक कंपनी बनाई उसके बाद लोगों से संपर्क कर कंपनी के माध्यम से सेवाकेंद्र खोलने के लिए दस-दस हजार रुपये जमा कराए। धनराशि जमा करने के बाद जब काफी दिन तक कंपनी के सेवाकेंद्र नहीं खुले तब ठगी का अहसास हुआ। जब आरोपी के घर जाकर सेवाकेंद्र खुलवाने और सेवाकेंद्र न खुलने पर ली गई रकम वापस देने को कहा गया तब पीड़ितों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाने लगी। आरोपियों ने कंपनी के ऑफिस को भी बिना बताए बंद करके कंपनी का बोर्ड भी हटा दिया। पीड़ित युवकों ने कंपनी संचालक समेत उसके दो परिजनों तथा महानगर मुरादाबाद की कांशीराम कालोनी निवासी दो अन्य युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी करने के आरोप में कार्रवाई की मांग की है।