मुरादाबाद। नाैकरी दिलाने के नाम पर महिला से आरोपियों ने 5.30 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में पुलिस ने बिजनौर के स्योहारा निवासी परवेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बंगला गांव निवासी भागवती ने 27 सितंबर 2025 को नागफनी थाने में केस दर्ज कराया था। जिसमें लाइनपार चाऊ की बस्ती निवासी मोहित रस्तोगी, बिजनौर निवासी परवेंद्र कुमार और लाइनपार निवासी महेंद्र को आरोपी बनाया गया था। तीनों ने उनके बेटे की स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। इसके लिए आरोपियों ने छह लाख रुपये लिए थे। इसके बाद आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र और मेडिकल प्रमाणपत्र भी दे दिया था। जब वह नियुक्ति पत्र लखनऊ सीएफओ ऑफिस में जाकर दिखाया गया तब फर्जीवाड़े का पता चला। बाद में मोहित रस्तोगी ने 50 हजार रुपये वापस कर दिए। लेकिन शेष 5.30 लाख रुपये हड़प लिए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह
ने बताया कि पहले अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया था। लेकिन जांच के बाद मुकदमे में धोखाधड़ी, जालसाजी आदि की धाराएं बढ़ाई गई। बिजनौर के स्योहारा जिले के गांव रामपुर दुल्ही (झिल्ला) निवासी आरोपी परवेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।