मुरादाबाद में मैनाठेर थानाक्षेत्र में डींगरपुर-पाकबड़ा रोड पर कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया।
मैनाठेर थानाक्षेत्र के रसूलपुर हमीर गांव निवासी मजदूर वसीम (32) पुत्र बाबू बुधवार शाम अपनी बाइक से मुरादाबाद-संभल हाईवे स्थित डींगरपुर गांव जा रहा था। तभी रास्ते में गांव के ही किसान महमूद (50) पुत्र खलील भी असदपुर के मजार पर जाने के लिए उसकी बाइक पर सवार हो गए। बताया जा रहा है कि जब वसीम की बाइक मैनाठेर थाना क्षेत्र में डींगरपुर- पाकबड़ा रोड पर रसूलपुर हमीर और ललवारा गांव के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान पहले से सड़क किनारे खड़े कंटेनर को चालक ने अचानक बैक करना शुरू कर दिया। कंटेनर की चपेट में बाइक और उस पर सवार दोनों लोग आ गए। हादसे में बाइक सवार वसीम और महमूद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बेटी के लिए खाना लेकर जा रहा था किसान
सड़क हादसे में जान गंवाने वाला किसान महमूद अपनी बेटी के लिए खाना लेकर जा रहा था। जानकारी के मुताबिक किसान ने अपने गांव के वसीम से बाइक पर लिफ्ट ली थी ताकि वह जल्द ही असदपुर मजार तक पहुंच जाए। लेकिन उसको क्या पता कि वह कुछ पलों में वह दुनिया से ही रुखसत हो जाएगा। वहीं, वसीम किसी जरूरी काम से डींगरपुर गांव का जा रहा था। वह अपने छह भाइयों में सबसे बड़ा था।