हादसे की सूचना गांव में जैसे ही आई तो परिजन हादसा स्थल के लिए रवाना हो गए। जब परिजन पहुंचे तो मौके पर भीड़ थी और पुलिस भी थी। ओबरी निवासी पशु व्यापारी हसन कुरैशी हादसा स्थल पर पड़े थे। हसन के सगे साले नाजिम ने बताया कि ऐसा लगा कि जैसे हसन की सांसें चल रहीं हों। इसीलिए परिजन हसन को अपनी कार में रखकर निकल पड़े।
जोया में एक निजी चिकित्सक को दिखाना चाह पर वहां भीड़ थी। इसलिए वहां से सीधे शहबाजपुर कला के लिए चल पड़े क्योंकि यह गांव ओबरी के पास ही है और चिकित्सक परिचित है। यहां हसन को चिकित्सक ने देखा और मृत बताया। इसके बाद दोपहर करीब 12.30 बजे हसन के शव को लेकर ओबरी पहुंचे। इस बीच अमरोहा जिले के गजरौला थाने की पुलिस को पता लगा कि हसन का शव लेकर परिजन गांव चले गए हैं।
अमरोहा के सीओ ने असमोली के प्रभारी निरीक्षक रणवीर सिंह से फोन पर बात की। असमोली पुलिस ओबरी पहुंची। परिजनों से बात की। परिजनों से कहा कि हसन के शव का पोस्टमार्टम होना है पर परिजनों ने कहा कि वे पोस्टमार्टम नहीं चाहते हैं। असमोली पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम तो जरूरी है। अधिकारियों का आदेश है। परिजनों को समझाया तो परिजन राजी हो गए। अपने ही वाहन से करीब 1.30 बजे पोस्टमार्टम के लिए शव लेकर रवाना हुए।