हिंदू कॉलेज में छात्रा से छेड़खानी करने के आरोपी प्रोफेसर को सोमवार तक बर्खास्त न किए जाने पर एबीवीपी ने नाराजगी जताई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि कार्रवाई के लिए कॉलेज प्रशासन को दिया गया 72 घंटे का समय पूरा हो चुका है। इसके बावजूद आरोपी प्रोफेसर को बर्खास्त नहीं किया गया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी, अगर मंगलवार सुबह तक प्रोफेसर को बर्खास्त नहीं किया गया तो वे कॉलेज के गेट पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
हिंदू कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में शुक्रवार को एमए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा थी। कॉलेज की एक छात्रा का आरोप है कि विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर मो. जफर मुंतजिर ने उसे केबिन में बुलाकर छेड़खानी की और धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो नतीजे बुरे होंगे।
छात्रा ने उसी समय अपने परिजनों को फोन कर दिया। इस दौरान छात्रा के परिजन कॉलेज पहुंचे और शिक्षक की पिटाई करने लगे। पुलिस के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ। प्रोफेसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था लेकिन बाद में आरोपी शिक्षक को अंतरिम जमानत मिल गई।
घटना के दिन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन से प्रोफेसर की बर्खास्तगी की मांग की। इस पर उन्हें आश्वासन दिया गया पुलिस कार्रवाई के साथ ही कालेज प्रशासन भी अपने स्तर से मामले की निष्पक्ष जांच करेगा।
सोमवार को अभाविप के महानगर मंत्री और छात्र नेता अनिल चड्डा ने कहा कि प्राचार्य ने शिक्षक को बर्खास्त करने के लिए 72 घंटे का समय दिया था जो कि पूरा हो गया है। आरोपी प्रोफेसर को बर्खास्त नहीं किया गया है। मंगलवार की सुबह तक प्रोफेसर को बर्खास्त नहीं किया गया तो अभाविप के कार्यकर्ता हिंदू कॉलेज के गेट पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।