बिलारी। थाना क्षेत्र के अमरपुरकाशी गांव में हाईवे किनारे मोबाइल कंपनी के टावर को जा रही विद्युत लाइन में आई खराबी दूर करते समय लाइन पर काम कर रहा संविदा कर्मी के साथ गया एक युवक झुलस गया। युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शटडाउन लेने के बाद भी विद्युत आपूर्ति शुरू हो जाने के मामले में एसडीओ ने जांच के आदेश दिए हैं।
अमरपुरकाशी में लगे एक मोबाइल कंपनी के टावर में विद्युत आपूर्ति न पहुंचने की शिकायत विद्युत उपकेंद्र पर आई थीं। सोमवार दोपहर इस शिकायत को दूर करने विद्युत उपकेंद्र के एक संविदाकर्मी मौके पर गए थे। उन्हीं के साथ विद्युत अवर अभियंता का करीबी एक युवक डालचंद्र उम्र 40 वर्ष ग्राम अकरोली थाना बनियाठेर जिला संभल भी चला गया।
संविदा विद्युत कर्मी द्वारा एसएसओ से शटडाउन लिया गया। बाद में डालचंद्र संविदाकर्मी को नीचे खड़ा करके विद्युत ट्रांसफार्मर पर काम करने लाइन पर चढ़ गया। विद्युत करंट आने से वह झटके के साथ गिरकर ट्रांसफार्मर के जाल में फंस गया। डालचंद्र को बेहोशी की हालत में 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी बिलारी ले जाया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
माता शीला देवी, चाचा लल्लू सिंह और अन्य परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। परिजनों ने विद्युत अवर अभियंता पर डालचंद्र को लालच देकर लाइन पर भेजने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। विद्युत उपखंड सहसपुर के एसडीओ राममनोहर यादव ने बताया कि इस घटना को लेकर संविदा विद्युत कर्मी और संविदा एसएसओ के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश कर दिए गए हैं।