मुरादाबाद। परिवार के सदस्य मेरी बात नहीं मानते, मैं बहुत तनाव में हूं और आत्महत्या के अलावा मेरे पास कोई रास्ता नहीं है। मैं मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर जा रहा हूं। ऐसे शब्द बोलकर डिलारी निवासी युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट की और मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आत्महत्या के इरादे से पहुंच गया। यह वीडियो जीआरपी कंट्रोल रूम तक पहुंचा तो पुलिस ने उसे बचा लिया।
जानकारी होने पर जीआरपी थाने की तीन टीमों ने अलग-अलग प्लेटफार्म पर युवक की तलाश शुरू की। इनमें से एक टीम को युवक प्लेटफार्म नंबर पांच के बरेली वाले छोर पर मिला। पुलिस के मुताबिक वह रेलवे ट्रैक पर खड़ा था और ट्रेन आने का इंतजार कर रहा था। जीआरपी कर्मियों ने उसे किसी तरह समझाया और थाने लेकर आए। युवक ने पुलिस को बताया कि भाइयों से उसका झगड़ा रहता है। उसके मना करने के बावजूद पत्नी उसके भाइयों के परिवार से संपर्क रखती है। भाइयों की पत्नियों और बच्चों के बीच उठती-बैठती है। इसी बात से परेशान होकर वह आत्महत्या करने आया था। जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार वशिष्ठ ने बताया कि युवक को समझाकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।