मुरादाबाद। ईयर फोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर घूमना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की आवाज युवक को सुनाई नहीं दी और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
एक नौजवान की जिंदगी लापरवाही की भेंट चढ़ने का दर्दनाक हादसा कटघर रेलवे स्टेशन के पास हुआ। स्टेशन के नजदीक मौजूद लोगों ने बताया कि शनिवार देर शाम एक युवक कानों मेें ईयर फोन लगाकर रेलवे ट्रैक के पास घूम रहा था। लोगों का कहना है कि टहलते-टहलते वह अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। उसके ट्रैक पर चहल-कदमी के दौरान ही ट्रेन आ गई। ट्रेन को देखकर कुछ लोगों ने शोर मचाया लेकिन ईयर फोन के कारण उस तक न लोगों का शोर पहुंचा और ना ही उसने ट्रेन की आवाज सुनी। कुछ लोग बचाने की नीयत से उस ओर दौड़े लेकिन दूरी ज्यादा होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। देखते-देखते ट्रेन उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गई।
इस जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां एकत्रित लोगों की मदद से युवक की शिनाख्त की कोशिश की। भीड़ में मौजूद किसी शख्स ने उसकी पहचान कटघर थाना क्षेत्र के देहरी गांव निवासी रामसिंह के बेटे पारस सैनी उर्फ गगन (19) के रूप में की। पुलिस ने सूचना दी तो दौड़ते-भागते परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
जरा सी चूक में बुझ गया श्रमिक के घर का चिराग
मुरादाबाद। देहरी गांव के लोगों ने बताया कि ट्रेन से कटकर जान गंवाने वाले पारस के पिता श्रमिक हैं। पारस उनका इकलौता बेटा था। घर वालों को आर्थिक मजबूती देने के लिए कुछ समय से वह एक मेडिकल स्टोर पर काम कर रहा था। परिजनों का कहना है कि शनिवार देर शाम वह बिना कोई ठोस कारण बताए घर से टहलने निकला था। रोते-बिलखते परिजनों ने कहा कि किसी को उम्मीद नहीं थी कि वह अब कभी घर नहीं लौटेगा।