मुरादाबाद। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नाबालिग को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोपी और पीड़िता को धोखे से अपने घर बुलाने वाली सहेली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरथला बाजार में रहने वाली युवती ने अपनी 15 वर्षीय सहेली को फोन करके घर बुला लिया। घर पहुंचने पर दोनों कमरे में बैठकर बातें करने लगीं। कुछ ही देर आरोपी सचिन भी वहां पहुंच गया। इसके बाद युवती ने सचिन और नाबालिग को कमरे में बंद कर दिया। सचिन ने वहां नाबालिग के साथ बलात्कार किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। पीड़िता बदहवास हालत में घर पहुंची तो परिजनों ने पूछताछ की। उसने बताया कि उसकी सहेली पायल ने धोखे से अपने घर बुलाया था। इसके बाद सचिन ने उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सिविल लाइन थाने के अपराध निरीक्षक गजेंद्र त्यागी ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया हैै। पुलिस ने पीड़िता की सहेली पायल (19) और बलात्कार के आरोपी सचिन (18) को गिरफ्तार कर लिया गया है।