मैनाठेर (मुरादाबाद)। दरोगा भर्ती की परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार काैसर (22) की शनिवार सुबह तड़के बदायूं के कस्बा बिसाैली से एक किलोमीटर पहले अज्ञात वाहन की टक्कर से जान चली गई। हादसे में घायल बाइक चला रहे काैसर के पिता इसरार (45) की भी माैत हो गई। पिता-पुत्र की माैत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मैनाठेर के गांव महमूदपुर माफी निवासी इसरार कारपेंटर थे। उनके बेटे काैसर ने बीएससी तक पढ़ाई की थी। काैसर ने दरोगा भर्ती के लिए आवेदन किया था। जिसका परीक्षा केंद्र बदायूं जिले में था। शनिवार सुबह साढ़े चार बजे इसरार काैसर को बाइक से परीक्षा केंद्र तक छोड़ने के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब पाैने छह बजे उनकी बाइक को बदायूं जिले की बिसाैली कोतवाली से एक किलोमीटर पहले तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। देर शाम दोनों के शव गांव पहुंचे। जिससे गांव में शोक की लहर दाैड़ गई। परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। आसपास के लोग उनको ढांढ्स बंधा रहे थे।
बीएससी पास कौसर काफी समय से दरोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था और पूरी उम्मीद के साथ शनिवार को पिता के साथ परीक्षा देने निकला था लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। उसके परिवार में मां अफसरी, एक बहन के अलावा छोटा भाई शाहरुख है, जो दिल्ली में कारपेंटर का काम करता है।