मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे लिफ्ट देकर अपनी कार में बैठा लिया और होटल ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी शाहनवाज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
30 वर्षीय पीड़ित महिला ने दर्ज कराए केस में बताया कि वह एक दिन बाजार से पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान मझोला थाना क्षेत्र के सिरकोई भूड़ निवासी शाहनवाज ने उसे देखकर कार रोक ली। आरोपी ने कहा कि वह उधर ही जा रहा है। महिला पहले से उसे जानती थी जिस कारण आरोपी पर विश्वास करके उसके साथ कार में बैठ गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे एक होटल में ले गया। पीड़िता ने उससे पूछताछ की तो आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर शोर मचाएगी तो जान से मार दूंगा। इसके बाद आरोपी उसे होटल के कमरे में ले गया और धमकी देकर दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने पीड़िता को रास्ते में ही छोड़ दिया। बदनामी के डर में पीड़िता ने यह बात किसी को नहीं बताई। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद फिर से आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करने की कोशिश की। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है।