मुरादाबाद। गलशहीद थानाक्षेत्र में बुधवार की शाम करीब चार बजे भैयादूज मनाकर लौट रही शिक्षिका के गले से तीन महिलाओं ने ऑटो में सोने की चेन उड़ा ली। इसे बाद आरोपी महिलाएं उतर गईं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस आरोपी महिलाओं की तलाश में जुट गई है। पुलिस शहर में स्मार्ट सिटी के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। मझोला के लाइन पार हनुमान नगर निवासी कविता शर्मा मूंढापांडे ब्लॉक क्षेत्र के सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। कविता शर्मा के भाई एवं कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सुधीर पाठक कटघर में रहते हैं। बुधवार को वह अपने भाई के घर कटघर गई थीं और भैयादूज मनाने के बाद घर लौट रही थीं।
कविता प्रभात मार्केट से ऑटो में बैठी थीं। इसके बाद इसी ऑटो में तीन महिलाएं गलशहीद क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे से सवार हो गईं। एक महिला की गोद में बच्चा था। यह महिलाएं इंपीरियल तिराहे के पास उतर गईं। कुछ दूर चलने के बाद कविता को पता चला कि उनके गले से सोने की चेन गायब है। शिक्षिका ने ऑटो वाले के साथ महिलाओं की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। इसकी जानकारी मिलने पर कविता के परिजन भी आ गए और गलशहीद थाने में तहरीर दी। कविता का कहना है कि ऑटो में बैठी महिलाएं ही उनकी चेन ले गई हैं। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
-
हल्द्वानी के युवक की जेब से उड़ा लिए पर्स
मुरादाबाद। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी निवासी राकेश कुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बुधवार को वह अपनी पत्नी प्रीति और बेटे के साथ भैयादूज पर अपनी ससुराल संभल जा रहे थे। पीतल नगरी रोडवेज बस अड्डे पर वह बस से उतरकर संभल जाने वाली बस में सवार हो रहे थे। इसी दौरान उसकी जेब से पर्स निकाल लिया गया। जिसमें साढ़े तीन हजार रुपये, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस था। ब्यूरो