कांठ (मुरादाबाद)। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार कांठ निवासी महिला ओमवती (60) की बिजनौर के धामपुर में मौत हो गई। महिला अन्य लोगों के साथ भात के कार्यक्रम में जा रही थी। महिला के बेटे ने धामपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कांठ नगर के मोहल्ला फकीरगंज निवासी हरिशचंद्र के अनुसार दो अप्रैल की रात दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियाें में करीब 110 लोग भात के कार्यक्रम में निकटवर्ती जनपद बिजनौर के थाना शेरकोट अंतर्गत गांव छिबरी में भात के कार्यक्रम में जा रहे थे। इनमें से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में उसकी मां ओमवती भी सवार थी। जब दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र में गांव हेजरी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार तीसरे ट्रैक्टर जिसे जफर इस्लाम निवासी मोहल्ला कलालान थाना नगीना बिजनौर चला रहा था ने आगे वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी।
इस हादसे में ओमवती की मौत हो गई और अन्य लोग घायल हो गए। इस मामले में मृतका के बेटे हरिशचंद्र ने धामपुर थाने में ट्रैक्टर चालक जफर इस्लाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, पुलिस ने उसे मय ट्रैक्टर हिरासत में ले लिया है।