मुरादाबाद। जम्मू से बिहार के लिए (15652) लोहित एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का पर्स लुधियाना स्टेशन पर चोरी हो गया। मुरादाबाद के टीटीई राजीव त्यागी, मुकेश चौबे व रिंकू मीना ने चोर को पकड़ने का प्रयास किया और यात्री को उनका पर्स लौटाया। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने टीटीई स्टाफ की सराहना की है।
डिप्टी सीआईटी मुकेश चौबे ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी ड्यूटी लुधियाना से मुरादाबाद के लिए लोहित एक्सप्रेस में थी। वह ट्रेन के पास पहुंचे तो एक यात्री का पर्स चुरा कर एक व्यक्ति भाग रहा था। उन्होंने चेकिंग स्टाफ के साथ चोर को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरा हुआ देख चोर पर्स छोड़ कर भाग गया। स्टाफ ने जीआरपी को सूचना दी और पर्स में रखे दस्तावेजों के जरिए जानकारी जुटाई। लेडीज पर्स के अंदर 1700 रुपये व एक जेंट्स वॉलेट था। वॉलेट में रखे आधार कार्ड पर लिखा नंबर मिलाया तो पता चला कि यात्री लोहित एक्सप्रेस में ही सफर कर रहे हैं। इसके बाद टीटीई स्टाफ ने कोच बी-6 में जाकर यात्री विजय को उनकी पत्नी का पर्स लौटाया। पर्स में नकदी, ज्वैलरी, एटीएम व आधार कार्ड थे। यात्री ने स्टाफ को धन्यवाद दिया।