श्रीकृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस के निदेशक प्रफुल्ल अग्रवाल के किशोरवय पौत्र का शहर में गोवर्धन पूजा के पर्व के अवकाश में एक सिनेमा हॉल में फिल्म देखते समय हार्ट फेल हो गया। आनन-फानन में उसे मुरादाबाद ले जाया गया लेकिन वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को गोवर्धन पूजा की शाम को प्रफुल्ल अग्रवाल के पुत्र राहुल अग्रवाल व उनके दोस्तों के परिजनों ने शहर के ही अजंता सिनेमा में चल रही फिल्म हाउस फुल-4 का शो देखने का कार्यक्रम बनाया।
राहुल अग्रवाल के साथ उनका चौदह साल का बेटा अंश अग्रवाल भी फिल्म देखने गया था। फिल्म देखते समय ही देर शाम अचानक उसे पसीना आया। दांत भिंचने लगे। परिजन तत्काल उसे शहर के निजी चिकित्सालय में लेकर पहुंचे।
वहां से उसे मुरादाबाद ले जाने की सलाह दी गई लेकिन मुरादाबाद में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों में कोहराम मच गया। सिम्स के निदेशक प्रफुल्ल अग्रवाल ने बताया कि डाक्टरों ने बताया कि उसका हार्ट फेल हो गया। इससे पहले उसके साथ कभी ऐसा नहीं हुआ। अचानक हार्टफेल कैसे हो गया, इस पर डाक्टर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।