मुरादाबाद। लाइनपार के प्रेम नगर में बृहस्पतिवार रात बिजली के तारों में अचानक भीषण आग लग गई। बिजली के खंभे पर तारों के गुच्छे में लगी यह आग विकराल रूप ले सकती थी लेकिन लोगों की समझदारी से हादसा बच गया। रात 9:15 बजे जब यह घटना हुई तो गली नंबर-4 में 10 से अधिक गाडि़यां खड़ी थीं। आग के कारण बिजली के तार पिघलकर व टूटकर गिरने लगे। स्थानीय निवासी संजीव वर्मा ने अपने घर से अग्निशमन यंत्र निकाला और किसी तरह आग पर काबू पाया।
लोगों ने तत्काल अपनी गाड़ियां गली से बाहर निकालनी शुरू कर दीं। लगातार अग्निशमन यंत्र के प्रयोग के बावजूद आधे घंटे तक तेज लपटें उठती रहीं। घटना के कारण मोहल्ले में लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने अपने घरों के विद्युत उपकरण बंद कर दिए और खंभे के आसपास वाले घरों से बच्चों को लेकर बाहर निकल आए। इस बीच लोगों की सूचना पर मंडी समिति बिजलीघर से सप्लाई बंद की गई। बिजली कटने के बाद लोगों ने पाइप लगाकर तारों पर पानी की बौछार की। तब जाकर आग शांत हुई।
9:50 बजे विद्युत कर्मी मौके पर पहुंचे और फाल्ट पर काम करना शुरू किया। इस घटना के कारण देर रात तक लोगों की घरों की सप्लाई गायब रही। अमर उजाला शहर के विभिन्न स्थानों पर खंभों पर तारों के मकड़जाल, नीचे झूलते हुए बिजली के तार और जर्जर खंभों का मुद्दा लगातार उठा रहा है। अफसरों को चेताने के बाद भी शहर के इलाकों में बिजली के लटके तारों को दुरुस्त करने में तेजी नहीं दिख रही है। यहां रहने वाले उमेश कुमार, पूर्व पार्षद संजू गुप्ता, यशिका गुप्ता, मीनू आदि का कहना है कि यदि अग्निशमन यंत्र और पानी से आग न बुझाई जाती तो घरों तक पहुंच सकती थी। इस घटना के कारण 45 घरों के लोग करीब आधे घंटे तक दहशत में रहे। अधिशासी अभियंता विकासदीप का कहना है कि घटना के बाद लाइन बंद करा दी गई थी। मौके पर टीम को भेज दिया गया है, सप्लाई सुचारू कराने के लिए कार्य किया जा रहा है।