कांठ। अब छजलैट के ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से जल्द ही मुक्ति मिल जाएगी। इसके लिए नाला निर्माण का कार्य खोदाई के साथ शुरू हो गया है। ग्रामीणों द्वारा काफी दिनों से समस्या के निस्तारण की मांग की जा रही थी।
गांव छजलैट मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे के दोनों ओर बसा है। यहां सड़क से दक्षिण की ओर थाना, पेट्रोल-पंप, किसान भवन, बैंक के साथ ही बड़ी आबादी के बरसाती और रोजमर्रा इस्तेमाल के पानी के निकासी और निस्तारण की व्यवस्था न होने के कारण कई जगह सड़क किनारे पानी भरा हो जाता है। बरसात के दिनों में तो थाना गेट के सामने भी पानी भर एकत्र हो जाता है। पीछे काफी दिनों से ग्रामीण इस पानी के निकास और निस्तारण का प्रबंध कराए जाने की मांग करते आ रहे थे। बुधवार को जामा मस्जिद के सामने से नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खोदाई का कार्य प्रारंभ किया गया है। जिला पंचायत सदस्य नाजिम अली ने बताया कि इस नाले की लंबाई करीब छह सौ मीटर है। इसे जिला पंचायत के द्वारा बनाया जाना है।