मुरादाबाद। जिला अस्पताल परिसर के पास बन रही 100 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) का निर्माण अब रफ्तार पकड़ चुका है। जनवरी 2026 में शुरू हुई 44 करोड़ रुपये की इस परियोजना का 25 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। जल निगम की सहयोगी संस्था सीएनडीएस जून 2027 तक दो मंजिला भवन तैयार करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।
केंद्रीय पुलिस चिकित्सालय के पास नलकूप कॉलोनी की जमीन पर बन रही इस अत्याधुनिक सीसीयू के बनने से गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। परियोजना का प्रस्ताव जनवरी 2025 में तैयार हुआ था और फरवरी 2025 में मंजूरी मिल गई थी, लेकिन जमीन तय होने में करीब एक साल लगने के कारण निर्माण कार्य जनवरी 2026 में शुरू हो सका। सीसीयू में 24 घंटे मरीजों की निगरानी, वेंटिलेटर, ईसीजी, कार्डियक मॉनिटर, मल्टीपैरामॉनिटर, सिरिंज पंप जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा गंभीर मरीजों को आपातकालीन उपचार, सांस लेने में दिक्कत होने पर वेंटिलेटर सपोर्ट तथा हृदय संबंधी गंभीर मामलों में उन्नत उपचार की सुविधा भी मिलेगी। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरके शर्मा ने बताया कि सीसीयू का निर्माण कार्य निर्धारित समय के अनुसार चल रहा है। अब तक 25 प्रतिशत से अधिक निर्माण पूरा हो चुका है और जून 2027 तक भवन तैयार करने का लक्ष्य है।