मुरादाबाद। कटघर के मुस्लिम डिग्री कालेज के बाहर छेड़छाड़ के विवाद में शनिवार दोपहर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग भी की। इससे अफरातफरी मच गई। वारदात की सूचना पाकर जब तक पुलिस पहुंची, आरोपी फरार हो गए थे। कालेज प्रशासन ने जांच शुरू करा दी है। थाने में किसी भी पक्ष से तहरीर नर्हीं आई है। चार छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
कालेज से निकलते समय शुक्रवार को बीकाम के कुछ छात्रों ने छात्राओं से छेड़छाड़ की थी। बीए के छात्रों ने जब इसका विरोध किया तो बीकाम के छात्रों ने उन्हें बेल्टों से बुरी तरह पीटा था। शनिवार दोपहर बीए के छात्र पहले से ही बीकाम के छात्रों को सबक सिखाने के लिए घात लगाए बैठे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने बाहरी कालेज से भी अपने कुछ साथियों को बुला लिया था। जैसे ही बीकाम के छात्र जैसे ही कालेज से बाहर निकले, दोनों गुटों में झड़प हो गई। इसके बाद जमकर मारपीट हुई। लाठी डंडे और सरिया चलीं।
बाहरी कालेज से आए छात्रों ने दूसरे गुट के छात्रों पर फायर भी किये। लेकिन वह बाल-बाल बच गया। फायर होने पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर कालेज का स्टाफ भी पहुंचा। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए। इंस्पेक्टर कटघर ने बताया कि किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं आई है।
--
कालेज के बाहर छात्रों का झगड़ा हुआ था। एक दो फायर की आवाज भी सुनी थी। जब हम बाहर गए, उपद्रवी छात्र भाग चुके थे। कालेज प्रशासन के पास कोई शिकायत नहीं आई है। अपनी तरफ से मामले की जांच करा रहे हैं। जो भी इस घटना में संलिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डा. जमील अहमद, प्राचार्य मुरादाबाद मुस्लिम डिग्री कालेज