मुरादाबाद। नवीं वाहिनी पीएसी के एक दरोगा के बेटे ने रविवार दोपहर घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसका अपनी बड़ी बहन से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। घटना के वक्त मां दूध लेने बाजार गई थीं। पड़ोसियों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे कासमास अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दरोगा अनिल कुमार की तैनाती इन दिनों आगरा में है। घर पर उनकी पत्नी सरोज, बेटी रुनझुन, बेटा अंशू है। रविवार को अवकाश होने से अंशू सुबह 11 बजे अपने दोस्तों के साथ खेलने चला गया था। दोपहर बाद सरोज दूध लेने बाजार गईं। इसी बीच अंशू घर लौटा और बहन से खाना मांगा। बताया जा रहा है कि तब रुनझुन ने उसे डांट दिया। तैश में आकर अंशू कमरे में गया और कीड़े मारने वाली दवा खा ली।
मुंह से झाग देखकर रुनझुन चिल्लाई। तब पड़ोस में रहने वाले कर्मचारी और उनके परिजन आए। तत्काल अंशू को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से डाक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। अंशू केंद्रीय विद्यालय में 11वीं का छात्र है।
--