मुरादाबाद। मूंढापांडे के मिलक बूजपुर और गोविंदपुर गांवों में रविवार रात दस सशस्त्र बदमाशों ने जमकर कहर बरपाया। पंद्रह दिन के एक मासूम बच्चे की छाती पर पैर रखकर उसे कुचलकर मार डाला और चार घरों से हथियारों के बल पर पांच लाख का माल लूट ले गए। वारदात से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने रात में ही पुलिस को फोन किया। लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। सुबह लोगों ने दलपतपुर-भोजपुर संपर्क मार्ग पर जाम लगाकर घंटों हंगामा काटा।
रात साढ़े 11 बजे बदमाश मिलक गांव में लोहे के हैंडीक्राफ्ट व्यापारी छुन्नू के घर में मेन गेट के नीचे से दाखिल हुए। दो बदमाश गेट के पास ही सो रहे छुन्नू के सिरहाने खड़े हो गए। इसके बाद बाकी अंदर घुस गए। छुन्नू का बेटा मतलूब (30) बरामदे में टीवी देख रहा था। बाकी परिवार सो रहा था। बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर मतलूब के हाथ बांध दिए। इसके बाद मतलूब की मां जरीना को उठाया। उनके कुंडल उतरवाए। फिर मतलूब के कमरे में जाकर एक लाख रुपये नगद, 80 हजार के जेवर लूट लिए। इसके बाद छोटे भाई जुल्फिकार के कमरे में जाकर सभी को बंधक बना लिया। जुल्फिकार की पत्नी शमीम पर तमंचा तानकर अलमारी की चाबी मांगी। न देने पर एक बदमाश ने पंद्रह दिन के बच्चे अयान की छाती पर पैर रखकर उसका दम घोंट दिया। दूसरे बेटे फरहान को भी जान से मारने की धमकी दी। रोती बिलखती शमीम ने तुरंत चाबी उनके हवाले कर दी।
इसके बाद बदमाशों ने बड़े भाई मकबूल के कमरे में भी सबको गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट की। तीनों महिलाओं के जेवर भी उतरवा लिए। करीब तीन लाख का माल ले गए। यहां से लूटपाट के बाद बदमाशों ने 200 मीटर दूर गोविंदपुर गांव में टैंपो चालक मोहम्मद सलीम, उसके भाई नईम और सिलाई कारीगर मोहम्मद नईम के घर में जाकर दो लाख से ज्यादा का माल लूट लिया। विरोध करने पर महिलाओं और बच्चों को लोहे के सरियों से पीटा। सुबह वारदात की सूचना पर पुलिस पहुंची।
---