मुरादाबाद। मंडल में रहस्यमय बुखार अब जानलेवा होने लगा है। रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला समेत दो लोगों ने दम तोड़ दिया। मुगलपुरा क्षेत्र में भी एक महिला की मौत हो गई। संभल जिले में भी रहस्यमय बुखार से पीड़ित एक मरीज की मौत होने की बात सामने आई है।
पूरा जिला रहस्यमय बुखार की चपेट में है। मुरादाबाद के भोजपुर व छजलैट कस्बे में बुखार का ज्यादा प्रकोप चल रहा है। इस बुखार से पीड़ित रोगियों की प्लेटलेट्स तेजी से गिर रही हैं। बृहस्पतिवार से मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। हालांकि, अभी स्वास्थ्य विभाग डेंगू के संक्रमण से इंकार कर रहा है। भोजपुर निवासी भूरी (30)पत्नी शौकीन को स्वास्थ्य महकमे ने 13 सितंबर की शाम को भर्ती कराया था। मझोला के रसूलपुर सनवाली निवासी ऊदल (60) पिछले एक हफ्ते से बुखार से पीड़ित थे। परिजनों ने शनिवार की शाम ऊदल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। भूरी व ऊदल ने रविवार को दोपहर में दम तोड़ दिया। उधर, मुगलपुरा के कहारों वाली मंदिर निवासी सोमवती भी बुखार से पीड़ित थीं। रविवार की शाम उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। उपचार से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। संभल के चौधरी सराय निवासी मोहम्मद मियां की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें दिल्ली ले जा रहे थे। रास्ते में मोहम्मद मियां की मौत हो गई।