मुरादाबाद। छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रचार अभियान तेज हो गया है। छात्र नेता घर घर जाकर प्रचार के साथ नए नए हथकंडे अपना रहे हैं। इतना ही नहीं छात्राें को लुभाने के लिए उपहारों का सहारा भी लिया जा रहा है। जबकि प्रशासन ने लिंगदोह समिति की सिफारिशों के पालन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
दिवाली को भुनाने में छात्र नेता पूरी तरह से जुट गए हैं। एसएमएस पर बधाई के साथ ही दूसरे तरीकों से दिवाली की शुभकामनाएं दी जा रही हैं। इस समय छात्र नेता उपहार बांटने में भी व्यस्त हैं। छात्रों के घर घर जाकर उन्हें बधाई देने दी जा रही हैं। इसके साथ ही उन्हें अनेक प्रकार के उपहार भी दिए जा रहे हैं। हालांकि इस प्रकार से प्रचार को माध्यम नहीं बनाया जा सकता। इसके अलावा चार पहिया वाहनों का प्रयोग करने पर भी मनाही थी। लेकिन अभी भी छात्र नेता चार पहिया वाहनों से नीचे नहीं उतर रहे हैं। प्रचार का तरीका किसी आम चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी से कम नहीं है।
खोजे जा रहे डमी उम्मीदवार
चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद भी अभी तक दलों ने अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। लेकिन संभावित उम्मीदवारों को देखते हुए डमी उम्मीदवार तलाशे जा रहे हैं। जिससे प्रत्याशी का गणित बिगाड़ा जा सके।